राजनगर सीएचसी में डॉ. मनीष देमता की तत्परता से सर्पदंश पीड़ित युवक की बची जान

राजनगर:- राजनगर प्रखंड क्षेत्र के मगरकेला गांव में एक युवक को जहरीले सर्प ने डंस लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद परिजनों ने बिना समय गंवाए युवक को तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।


सीएचसी में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. मनीष देमता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत युवक की जांच की। जांच में सर्पदंश की पुष्टि होने पर उन्होंने बिना देर किए आवश्यक उपचार शुरू कराया और एंटी-स्नेक वेनम (एंटीवेनम) इंजेक्शन लगाया। डॉक्टर की त्वरित चिकित्सा और स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से युवक की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और उसकी जान बच गई।
डॉ. मनीष देमता ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की घटना होने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें। मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाएं, क्योंकि समय पर एंटीवेनम और उचित इलाज मिलने से अधिकांश मरीजों की जान बचाई जा सकती है।
घटना के बाद युवक के परिजनों ने डॉ. मनीष देमता एवं राजनगर सीएचसी की पूरी स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी डॉक्टर की तत्परता और राजनगर सीएचसी में उपलब्ध समय पर उपचार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रयास से एक परिवार की खुशियां सुरक्षित रह गईं।

