झारखण्डसरायकेला

राजनगर-कुनाबेड़ा मार्ग पर बड़ा हादसा टला: फ्लाइश लदा हाईवा पलटा, चालक सुरक्षित  

 

 

राजनगर: थाना क्षेत्र अंतर्गत टांगरानी गांव के समीप शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब फ्लाइश (राख) लदा 12 चक्का हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब 7:00 बजे राजनगर-कुनाबेड़ा मार्ग पर टांगरानी गांव के पास घटी. बताया जा रहा है कि हाईवा बैक करने के पश्चात अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क किनारे पलट गया. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में फ्लाइश लदे हाईवा वाहन गुजरते हैं, जिससे सड़क की स्थिति खराब हो रही है और पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है. उड़ती राख से लोगों को सांस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, वहीं लगातार हो रहे हादसों से ग्रामीणों में भय का माहौल है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों व चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *