रामगढ़ में लापता युवक का नरकंकाल बरामद, इलाके में हड़कंप
रामगढ़ थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी मोहल्ले में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब धंधार पोखर तालाब के पास से तीन माह से लापता युवक सोनू राम का नरकंकाल बरामद किया गया। कंकाल के साथ युवक के कपड़े और अन्य सामान मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर एक आरोपी को लेकर पुलिस धंधार पोखर पहुंची थी। तलाशी के दौरान मानव कंकाल के अवशेष, कपड़े, सिरिंज और कारतूस बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षित कर थाना लाया गया। इसके बाद शिबू कॉलोनी स्थित एक घर के कुएं से पानी निकलवाकर वहां से भी संदिग्ध सामान जब्त किया गया।
कपड़ों की पहचान होते ही मृतक के परिजन बदहवास हो गए। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित लोगों ने रामगढ़ के सुभाष चौक को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
मौके पर पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। प्रशासन ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

