रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने से मचा हड़कंप
राजधानी रांची में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। एहतियातन कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके को तत्काल सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।


सूचना मिलते ही रांची पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। कोर्ट परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झारखंड जगुआर की बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया।
बम निरोधक टीम द्वारा सिविल कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। परिसर के हर कोने, कोर्ट रूम, कार्यालय, पार्किंग और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।
वहीं पुलिस साइबर सेल ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा में कोई चूक नहीं बरती जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

