राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पाकुड़ को राष्ट्रपति सम्मान, जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर झारखंड का पाकुड़ जिला पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने से जिले में उत्साह और गौरव का माहौल है। यह सम्मान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में पाकुड़ जिले द्वारा किए गए उल्लेखनीय और समावेशी प्रयासों की राष्ट्रीय स्वीकृति माना जा रहा है।


पाकुड़ जिला प्रशासन की ओर से संचालित प्रोजेक्ट समावेश ने लोकतांत्रिक भागीदारी को नई दिशा दी है। इस पहल के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय, दिव्यांगजन, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह और युवाओं को मतदाता प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष रणनीतियां अपनाई गईं। इन प्रयासों से यह संदेश गया कि लोकतंत्र तभी सशक्त होता है, जब समाज का हर वर्ग उसमें सक्रिय भूमिका निभाए।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह सम्मान जमीनी स्तर पर कार्यरत बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, एआरओ, ईआरओ और जिला निर्वाचन कार्यालय से जुड़े सभी कर्मियों की निरंतर मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, रांची और भारत निर्वाचन आयोग का आभार व्यक्त करते हुए जिलेवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
यह सम्मान पाकुड़ जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज किया जाएगा।

