Newsझारखण्ड

रक्त की कमी से जूझ रही बच्ची को युवाओं ने दिया जीवनदान, समाज ने जताया आभार  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): स्टेशन कॉलोनी चाईबासा की एक छोटी बच्ची पुष्पा होनहागा पिछले पांच दिनों से रक्त की कमी से जूझ रही थी। उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। चाईबासा ब्लड बैंक में संबंधित ग्रुप का रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण परिवार के लोग काफी परेशान थे।

 

बच्ची की मां तत्काल जमशेदपुर के TMH ब्लड बैंक पहुंचीं, लेकिन वहां भी आवश्यक ग्रुप का रक्त नहीं मिल सका। इसके बाद वह MGM हॉस्पिटल गईं, जहां भी निराशा हाथ लगी। लगातार प्रयासों के बावजूद जब रक्त की व्यवस्था नहीं हो पाई, तो परिजन चिंता में डूब गए।

 

इसी बीच इसकी सूचना सीतारामडेरा, जमशेदपुर के युवा समाजसेवी किशोर लकड़ा को मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना देर किए अपने समूह के युवा साथियों सागर लकड़ा और हितेन मिंज से संपर्क किया। तत्परता दिखाते हुए दोनों युवाओं ने रक्तदान कर बच्ची की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

 

समय पर मिले रक्त से पुष्पा होनहागा का इलाज शुरू हो सका। इस संवेदनशील पहल की चारों ओर सराहना हो रही है। उरांव समाज रक्तदान समूह ने किशोर लकड़ा, सागर लकड़ा और हितेन मिंज के इस मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कोटि-कोटि धन्यवाद ज्ञापित किया है।

 

मुसीबत की इस घड़ी में युवाओं द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवता ने एक परिवार को नई उम्मीद दी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *