LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

रूपरु आंगनवाड़ी केंद्र जर्जर, सेवाएं ठप; ग्रामीणों ने उठाई मरम्मत की मांग

कुकड़ू (सरायकेला-खरसावां):

कुकड़ू प्रखंड के बेरासी सिरूम पंचायत अंतर्गत रूपरु (टोला–खरकोचा) स्थित आंगनवाड़ी केंद्र की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। करीब 10 वर्ष पूर्व निर्मित यह भवन अब पूरी तरह असुरक्षित नजर आ रहा है, जिसके कारण यहां संचालित होने वाली सेवाएं लगभग ठप पड़ गई हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और जगह-जगह से प्लास्टर उखड़ रहा है। भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां गतिविधियां संचालित करना मुश्किल हो गया है।

इस जर्जर स्थिति के कारण आंगनवाड़ी केंद्र में मिलने वाली पोषण, टीकाकरण, प्री-स्कूल शिक्षा सहित अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसका सीधा असर क्षेत्र के छोटे बच्चों और गर्भवती व धात्री महिलाओं पर पड़ रहा है, जिन्हें इन सेवाओं से वंचित होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को मौखिक रूप से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आंगनवाड़ी भवन की शीघ्र तकनीकी जांच कराई जाए और आवश्यकता के अनुसार मरम्मत या नए भवन का निर्माण कराया जाए। साथ ही, आंगनवाड़ी सेवाओं को जल्द से जल्द पुनः शुरू करने की व्यवस्था की जाए।

इस संबंध में बाजीनाथ महतो, गौरांग महतो, श्रीदाम महतो, संजय महतो सहित समस्त रूपरु ग्रामवासियों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

Share this news