नगर पंचायत की पहल : वार्ड स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर, राशन से लेकर जल कनेक्शन तक की मिलेगी सुविधा

सरायकेला : नगर पंचायत सरायकेला द्वारा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष पहल की गई है। इसी कड़ी में शनिवार को नगर पंचायत सभागार में जन वितरण प्रणाली (PDS) के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने की।



बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, राशन दुकानदारों एवं महिला समूहों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पीडीएस व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। राशन दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि लाभुकों को “एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड” योजना से जोड़ा जाए तथा पोस मशीन से संबंधित शिकायतों की जानकारी प्रखंड एवं जिला स्तर पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लाभुकों के साथ बेहतर व्यवहार रखने और वृद्ध तथा फिंगरप्रिंट नहीं मिलने वाले लाभुकों को OTP अथवा अपवाद रजिस्टर के माध्यम से राशन उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के नए आवेदनों के लिए सभी वार्डों में विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इन शिविरों में होल्डिंग टैक्स, वॉटर टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, नया जल कनेक्शन, नया होल्डिंग आवेदन तथा राशन कार्ड ई-केवाईसी जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
नगर पंचायत द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 25 मई को वार्ड 07 एवं 10 के लिए अटल क्लिनिक, 26 मई को वार्ड 09 एवं 11 के लिए टाउन हॉल, 28 मई को वार्ड 02, 05 एवं 06 के लिए इंद्रटांडी विवाह भवन, 29 मई को वार्ड 01 एवं 08 के लिए हांसाउडी उत्क्रमित मध्य विद्यालय, 30 मई को वार्ड 03 के लिए गांधी पाठशाला राजबांध तथा 1 जून को वार्ड 04 के लिए सरगीडीह सामुदायिक भवन में शिविर लगाए जाएंगे। सभी शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और नागरिक सुविधाओं को सुलभ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बैठक में वार्ड पार्षद वरुण साहू, ज्योति साहू, गौतम नायक, उत्तम महंती, सुषमा तियू, शांति गोड़सेरा, अंजली राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

