सदर प्रखंड सभागार में पंचायत समिति की बैठक, योजनाओं की समीक्षा
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सोमवार को सदर प्रखंड सभागार में प्रखंड प्रमुख मंजू देवगम की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत पूर्व प्रखंड प्रमुख स्व. कल्पना सुंडी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


इसके पश्चात बैठक में सदर प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रमुख रूप से आबुवा आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। प्रखंड प्रमुख मंजू देवगम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आवास योजनाओं का कार्य तेज गति से पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर लाभ मिल सके।

बैठक में पशुपालन विभाग से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा की गई। पशुओं के टीकाकरण को लेकर विशेष रूप से जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पशुओं को समय पर टीका लगाए जाने से बीमारियों पर नियंत्रण संभव है, जिससे पशुपालकों को लाभ होगा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव को लेकर जानकारी दी गई। बताया गया कि वर्तमान में संस्थागत प्रसव का प्रतिशत 99.9 है। इस उपलब्धि पर खुशी जताई गई और कहा गया कि लोग अब स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रहे हैं तथा प्रसव अस्पतालों में कराए जा रहे हैं। बैठक में इस उपलब्धि को बनाए रखने पर भी सहमति बनी।
बैठक में जिला परिषद सदस्य लाल मुनी पूर्ति, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमिताभ भगत, अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, डॉक्टर जगन्नाथ हेंब्रम, पशु चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे। बैठक के अंत में जनहित से जुड़े मुद्दों पर समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया गया।

