सेरसा चक्रधरपुर ने स्टूडेंट क्लब को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सेरसा चक्रधरपुर ने स्टूडेंट क्लब चाईबासा को छह विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।


बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टूडेंट क्लब की टीम 26.2 ओवर में 144 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज जिशान हाशमी ने 35 रन बनाए। मो. साकिब ने 31, कैफ जमील ने 23, कप्तान मोअज्जम खान और रेयान सफीक ने 13-13 रन का योगदान दिया।
सेरसा चक्रधरपुर की ओर से रकीब राजा और अमित दास ने तीन-तीन विकेट झटके। अमरेंद्र सामंता को दो विकेट मिले, जबकि हिमांशु शर्मा और सुदीत ठाकुर ने एक-एक विकेट हासिल किया।
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेरसा चक्रधरपुर की टीम ने 20.1 ओवर में चार विकेट खोकर 149 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। रकीब राजा ने नाबाद 37 रन बनाए, कमल गोप ने नाबाद 33 रन जोड़े और सुदीत ठाकुर ने छह चौकों की मदद से 33 रन की पारी खेली। हिमांशु शर्मा ने 15 और सत्यम त्रिपाठी ने 12 रन का योगदान दिया।
स्टूडेंट क्लब की ओर से निशांत रोहन और कैफ जमील ने एक-एक विकेट लिया, जबकि दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
अब सेरसा चक्रधरपुर का सेमीफाइनल मुकाबला 16 फरवरी को एस.आर. रूंगटा ग्रुप और चाईबासा क्रिकेट क्लब के बीच 14 फरवरी को खेले जाने वाले चौथे क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।
प्रतियोगिता के दूसरे क्वार्टर फाइनल में शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी चक्रधरपुर का मुकाबला चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी से होगा।

