सरायकेला की शोभा महतो ने जीता स्वर्ण पदक, अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दिखाएंगी दम

सरायकेला: जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी शोभा महतो ने धनबाद में आयोजित प्रथम राज्य स्तरीय लेजर रन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिले का गौरव बढ़ाया है।


तेज रफ्तार और सटीक निशाने का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शोभा महतो ने निर्णायक दौर में उत्कृष्ट कौशल का परिचय दिया और निर्णायकों का दिल जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस शानदार सफलता के बाद शोभा महतो का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वहीं, जिला मॉडर्न पेंटाथलॉन संघ के सचिव सिकंदर महतो ने बताया कि अक्टूबर माह में शोभा दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उन्होंने बताया कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में दुबई में आयोजित होने वाली एशियन चैंपियनशिप में शोभा हिस्सा लेंगी। इसके अलावा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने वाली विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भी उन्हें आमंत्रित किया गया है।
संघ ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी को लेकर यात्रा और अन्य आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शोभा महतो की इस सफलता से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

