LatestNewsझारखण्ड

शशि माथुर की शानदार बल्लेबाजी से झारखंड ने गोवा को हराया

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): कप्तान शशि माथुर की शानदार बल्लेबाजी और शिखा कुमारी की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर झारखंड सीनियर महिला टीम ने गोवा सीनियर महिला टीम को सात विकेट से पराजित किया। यह मुकाबला चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेली जा रही तीन एकदिवसीय अभ्यास मैचों की श्रृंखला का पहला मैच था।

 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गोवा की टीम 44.1 ओवर में 163 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गोवा की ओर से तेजस्विनी दुर्गाद ने सात चौकों की मदद से 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा सुनंदा यातरेकर ने दो चौकों की सहायता से नाबाद 25 रन और विनावी गौरव ने एक चौके की मदद से 18 रन बनाए।

 

झारखंड की ओर से शिखा कुमारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर चार विकेट झटके। आनंदिता किशोर ने 23 रन देकर दो विकेट लिए। खुशबु कुमारी, दुर्गा कुमारी मुर्मु और अश्विनी को एक-एक विकेट मिला।

 

164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड टीम ने कप्तान शशि माथुर की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत 23.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाकर मैच जीत लिया। शशि माथुर ने 73 गेंदों पर 15 चौके और तीन छक्कों की मदद से 99 रन की शानदार पारी खेली और एक रन से शतक से चूक गईं। कुमारी मेघा ने नाबाद 29 रन और प्रियंका लूथरा ने 16 रन बनाकर जीत में योगदान दिया। गोवा की ओर से पूजा कालेल ने 61 रन देकर दो विकेट लिए।

इससे पहले मैच का उद्घाटन प्रशिक्षु आईएएस सह सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार ने किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद कप्तानों और अंपायरों की उपस्थिति में टॉस करवाया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने टीम भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की सलाह दी। अंत में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह की गेंद पर शॉट लगाकर उन्होंने मैच की औपचारिक शुरुआत की।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *