सिदगोड़ा जैप-6 बटालियन मुख्यालय में गणतंत्र दिवस पर हुआ भव्य झंडोत्तोलन
जमशेदपुर सिदगोड़ा:


गणतंत्र दिवस के अवसर पर सिदगोड़ा स्थित जैप-6 कैंप बटालियन मुख्यालय में रविवार को गरिमामय वातावरण में झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष दिनेश कुमार के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम में समादेष्टा जैप-6 डीएसपी मंजू कश्यप, डीएसपी झानु हसदा, निरीक्षक सुरेंद्र राम, आइनेल सिंकू सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
झंडोत्तोलन के पश्चात अध्यक्ष दिनेश कुमार ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ और देश एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। गणतंत्र दिवस हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों की याद दिलाता है।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं अन्य महान नेताओं के योगदान को नमन करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हम सभी का कर्तव्य है कि संविधान का सम्मान करें, उसका पालन करें और देश की प्रगति में ईमानदारी से योगदान दें।
अंत में उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट होकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा—
“देशभक्ति सिर्फ जश्न मनाने में नहीं, बल्कि देश के लिए कुछ करने में है।”
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।

