NewsSportsझारखण्ड

सिंहभूम फाईटर्स ने सिंहभूम चैलेंजर्स को 89 रनों से हराकर फाइनल में बनाई जगह  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सुशील कुमार सिंघानिया द्वारा प्रायोजित द्वितीय नथमल सिंघानिया जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के अंतिम लीग मैच में सिंहभूम फाईटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंहभूम चैलेंजर्स को 89 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। हालांकि इस मैच में हार के बावजूद सिंहभूम चैलेंजर्स की टीम पहले ही दो लीग मैच जीतकर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी थी।

 

चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में सिंहभूम फाईटर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। टीम की ओर से अभिनव सिंह ने 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 72 रन की शानदार पारी खेली। चंदन प्रसाद ने 3 चौके और 4 छक्कों की सहायता से नाबाद 52 रन बनाए, जबकि जिशान अहमद ने 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 51 रन का योगदान दिया। सिंहभूम चैलेंजर्स की ओर से त्रिनाथ प्रधान ने 11 रन देकर 4 विकेट तथा आर्यन गोप ने 19 रन देकर 2 विकेट लिए।

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंहभूम चैलेंजर्स की टीम 20.2 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से पियुष सागर ने 32 रन, अविरल ने 27 रन और त्रिनाथ प्रधान ने 20 रन बनाए। सिंहभूम फाईटर्स की ओर से गेंदबाजी में सुरज महतो ने 18 रन देकर 3 विकेट, अभिनव सिंह ने 17 रन देकर 2 विकेट, आशुतोष कुमार यादव ने 23 रन देकर 2 विकेट और अभ्युदय अक्षत ने 17 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

 

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शानदार बल्लेबाजी के लिए सिंहभूम फाईटर्स के अभिनव सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच कल सिंहभूम फाईटर्स और सिंहभूम चैलेंजर्स के बीच खेला जाएगा। इस अवसर पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव सौरभ तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *