LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

सरायकेला: निकाय चुनाव से पहले वार्ड नंबर 10 की गड़बड़ियों पर मचा हंगामा, जनता ने राज्य निर्वाचन आयोग से लगाई गुहार

सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव से पहले वार्ड संख्या 10 में सामने आई अनियमितताओं को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जहां राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग चुनावी तैयारियों में जुटे हैं, वहीं वार्ड 10 की मतदाता सूची और परिसीमन को लेकर उठ रहे सवालों ने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड संख्या 10 में मतदाता सूची एवं सीमांकन में गंभीर त्रुटियां हैं, जिसके सुधार के लिए वे लंबे समय से प्रशासनिक कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं। इसी क्रम में विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य के नेतृत्व में पहले जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचा और वहां औपचारिक रूप से आपत्ति दर्ज कराई।

प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि इस मामले को लेकर जिला उपायुक्त पहले ही राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेज चुके हैं। सनंद कुमार आचार्य ने आयोग से मांग की कि उपायुक्त के पत्र के आधार पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सभी विसंगतियों को जल्द दूर किया जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना संभव नहीं होगा।

इस मौके पर वार्ड संख्या 10 के चंदन साहू, रंजीत साहू, आकाश साहू, विजय साहू और सुभाष साहू सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे। लोगों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *