स्व. आरक्षी घासीराम महतो के परिजनों को दी गई आर्थिक सहायता
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा जिला बल में कार्यरत रहे आरक्षी घासीराम महतो के असामयिक निधन के बाद उनके परिजनों को कुड़मी पुलिस परिवार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता राशि 37,360 रुपये स्व. घासीराम महतो के पैतृक गांव छोटा चुनचुड़िया, थाना क्षेत्र ईचागढ़ में उनके परिजनों को सौंपी गई। साथ ही भविष्य में हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया गया।


इस अवसर पर कुड़मी पुलिस परिवार तथा झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष परमेश्वर महतो, झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा चाईबासा के सचिव तारा चांद महतो, जेप-6 मंत्री विशाल महतो, चंद्रशेखर महतो, हवलदार रमेश महतो, मुकेश महतो, मंगल महतो और राजकुमार महतो सहित अन्य सदस्य शामिल हुए। सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा चाईबासा के सचिव तारा चांद महतो ने कहा कि आरक्षी घासीराम महतो का असामयिक निधन पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि घासीराम महतो एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को इस कठिन समय में मजबूती से साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।

