Newsझारखण्ड

ठंड से राहत देने के लिए मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा कंबल वितरण, जरूरतमंदों में खुशी  

 

 

चाईबासा: बढ़ती हाड़ कंपकपाती ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की पश्चिम सिंहभूम जिला शाखा और मारवाड़ी सम्मेलन चाईबासा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में कंबल वितरण कार्यक्रम लगातार जारी है। यह कार्यक्रम एस.आर. रुंगटा ग्रुप के सहयोग से महादेव कॉलोनी और फ्लावर मिल, बड़कंदाज टोली क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित हो चुका है।

 

मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष रमेश खिरवार उर्फ लड्डू ने बताया कि लगातार तीसरे दिन मेरी टोला, छोटा नीमडीह और लोहार बस्ती में गरीब व असहाय लोगों को कंबल बांटे गए। उन्होंने कहा कि स्थानीय मोहल्लों और वार्डों के जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से जरूरतमंदों की पहचान की जा रही है, ताकि सहायता सही लोगों तक पहुँच सके।

 

एस.आर. रुंगटा ग्रुप के मुकुंद रुंगटा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज के कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत लाभदायक और प्रेरक हैं। उन्होंने बताया कि आगे भी अन्य क्षेत्रों में कंबल सहित विभिन्न सहायता सामग्री वितरित की जाएगी।

 

कार्यक्रम में कोल्हान उपाध्यक्ष रमेश खिरवाल ने कहा कि यह पहल समाज में सहयोग और संवेदनशीलता को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए हर वर्ष ऐसे प्रयास जरूरी हैं और समाज के सभी वर्गों को इसमें भागीदारी निभानी चाहिए।

 

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक विजयवर्गीय, पूर्व वार्ड पार्षद पवन शर्मा, द्वारिका शर्मा, सलाहकार सदस्य अनिल मुरारका, राजकुमार मुंधडा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने ऐसे कार्यक्रमों को समाज में एकजुटता और परोपकार की भावना को मजबूत करने वाला बताया।

 

आयोजकों ने कहा कि कंबल वितरण कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा और अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक मदद पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *