उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की योजनाओं की समीक्षा की, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सरायकेला-खरसावां जिला समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि और कौशल विकास जैसे प्राथमिक क्षेत्रों की योजनाओं की प्रगति की बारीकी से जांच की गई।


समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों से योजनाओं की जमीनी हकीकत और लाभुकों तक उनके प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर डेटा संग्रहण की व्यवस्था मजबूत की जाए और सेवा वितरण की गुणवत्ता को सुधारते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुँचे।
उन्होंने कहा कि विकासात्मक अंतराल को कम करने के लिए तकनीकी समावेशन और नवाचारों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही विभागों को निर्देशित किया गया कि वे लक्ष्य आधारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को पूर्ण करें और फील्ड विजिट के माध्यम से कार्यों की निगरानी नियमित रूप से करें।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि योजनाओं से जुड़े समस्त आँकड़े संबंधित पोर्टलों पर समय पर अपडेट किए जाएं ताकि मूल्यांकन की प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी बन सके। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए विभागीय समन्वय को अनिवार्य बताया।
बैठक में उन्होंने कहा कि आकांक्षी प्रखंड के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए योजनाओं का समन्वित और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने की है, इसलिए हर स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक सह जिला योजना पदाधिकारी डॉ. अजय तिर्की, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, ग्रामीण विकास अभिकरण पदाधिकारी, गम्हरिया बीडीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

