LatestNewsNews postझारखण्डराजनीति

वर्ष के अंतिम दिन सुफलसाई चौक पर कंबल वितरण सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): वर्ष के अंतिम दिन वीर बिरसा स्मारक समिति, सुफलसाई, चाईबासा की ओर से सुफलसाई चौक में कंबल वितरण सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, आजम खान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के संयोजक सह समिति की संरक्षक मोनिका बोयपाई ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ, शॉल एवं बैज पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र के गरीब, असहाय एवं बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि वर्ष का अंतिम दिन बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से मनाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि आने वाला वर्ष 2026 झारखंडवासियों के लिए बेहतर और उज्ज्वल होगा। युवा झारखंड अपने 25वें वर्ष में समाजोपयोगी योजनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके लिए केवल सरकार ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने नशे से दूर रहने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि एसडीपीओ बहामन टूटी ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। ठंड के मौसम में बुजुर्गों को राहत पहुंचाना सराहनीय कार्य है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस तरह के सामाजिक कार्य करने की अपील की।

संरक्षक मोनिका बोयपाई ने कहा कि उनकी संस्था पिछले सात वर्षों से लगातार समाजसेवी कार्य करती आ रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में संस्था द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही सड़क दुर्घटना के मामलों में संस्था के कार्यकर्ता घायलों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार में सहयोग करते हैं। उन्होंने अंत में सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *