Newsझारखण्ड

30 मार्च से जिले में HPV वैक्सीनेशन अभियान शुरू

चाईबासा। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से जिले में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीनेशन अभियान 30 मार्च से शुरू होगा। इस संबंध में सदर अस्पताल में आयोजित प्रेस वार्ता में सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी ने जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि HPV एक खतरनाक वायरस है, जो महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के साथ-साथ जननांग मस्से और ओरल कैंसर का कारण बनता है। इससे बचाव के लिए सरकार द्वारा HPV वैक्सीन को मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है।

डॉ. मांझी ने कहा कि यह विशेष अभियान 90 दिनों तक चलेगा और जिले में करीब 14 हजार किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। यह वैक्सीन 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी लड़कियों को दी जाएगी। अभियान अवधि में 14 वर्ष की आयु पूरी करने वाली लड़कियां भी टीकाकरण की पात्र होंगी।

उन्होंने बताया कि वैक्सीन सिंगल डोज के रूप में बाएं हाथ के डेल्टॉइड मांसपेशी में दी जाएगी और टीकाकरण अभिभावकों की सहमति से किया जाएगा। जिले के सभी प्रखंडों में वैक्सीनेटरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और शुरुआत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में सत्र आयोजित होंगे। बाद में इन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और हेल्थ सब-सेंटरों तक विस्तारित किया जाएगा।

डॉ. मांझी ने कहा कि बाजार में इस वैक्सीन की कीमत करीब 4000 रुपये है, लेकिन सरकार इसे पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बच्चियों को अवश्य टीका दिलाएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से प्रभावी सुरक्षा मिल सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *