Newsझारखण्ड

रामनवमी पर उत्पात—सोनारी में सिरफिरे ने एक दर्जन कारों के शीशे फोड़े

जमशेदपुर। रामनवमी के मौके पर जहां तेज आंधी और बारिश ने शहर में उत्सव की रौनक कम कर दी, वहीं सोनारी थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक की हरकतों ने लोगों में दहशत फैला दी। मंगलवार देर शाम युवक ने लाठी लेकर सड़कों पर खड़ी कारों को निशाना बनाया और देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे तोड़ डाले।

घटना की तस्वीरें और वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर रिकॉर्ड हुए हैं। इसी आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार नौलखा अपार्टमेंट में चार, एफ रोड में तीन और पांच नंबर रोड में दो कारों के शीशे तोड़े गए। प्रभावित वाहन मालिकों में प्रीति झा, हर्षदीप सिंह, एनके चौधरी सहित अन्य लोग शामिल हैं।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, क्षतिग्रस्त वाहनों में एक कार न्यायाधीश के रिश्तेदार की भी बताई जा रही है। एफ रोड पर हुई तोड़फोड़ की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है, जिसमें आरोपी युवक लाठी लेकर सड़क पर कारों में तोड़फोड़ करता नजर आ रहा है।

घटना के बाद प्रभावित लोगों ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए इलाके में तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक अकेले ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। उसके इस कदम के पीछे की वजह क्या है, इसका खुलासा गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।

उधर, आंधी-बारिश के कारण शहर के कई अखाड़ों के गेट गिर गए और रामनवमी से जुड़े आयोजनों पर असर पड़ा। अचानक मौसम बिगड़ने से श्रद्धालुओं और आयोजकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *