जमशेदपुर: विधायक पूर्णिमा साहू ने छठ घाटों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा को बनाया प्राथमिकता
जमशेदपुर में छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वर्णरखा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा और सहूलियत को सर्वोपरि रखने का निर्देश दिया।


विधायक साहू ने सीतारामडेरा क्षेत्र के पांडे घाट, भुइयांडीह कल्याण नगर मुर्गा पाड़ा, बाबूडीह झरना घाट, बाबूडीह बारा घाट के साथ बारीडीह क्षेत्र के बागुनहातु डोंगा घाट, बिहार बस्ती घाट, सूखा तालाब घाट, तिलकनगर घाट, बारीडीह बस्ती जिला स्कूल घाट, भोजपुरी कॉलोनी घाट और निराला पथ घाट का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और छठ पूजा समितियों से बातचीत कर घाटों की मौजूदा स्थिति, आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती और एनडीआरएफ/एसडीआरएफ टीम की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, बारीडीह मंडल अध्यक्ष जीवन साहू, सीतारामडेरा मंडल उपाध्यक्ष रंजीत सिंह, कंचन दत्ता, कुमार अभिषेक और अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी उपस्थित थे।

