पारगामा में राशन डीलर पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा — तीन महीने से नहीं मिला राशन, ग्रामीणों ने किया विरोध
दोषी डीलर पर हो कड़ी कार्रवाई – पूर्व जिप उपाध्यक्ष


ईचागढ़-सरायकेला-खरसावां जिला के कुकड़ू प्रखंड के पारगामा पंचायत में ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब तीन महीने से सरकारी राशन नहीं मिलने पर लोगों ने राशन डीलर के खिलाफ जमकर विरोध जताया। ग्रामीण ने बैठक कर उपायुक्त के नाम राशन डीलर के विरुद्ध कार्रवाई का आवेदन पर हस्ताक्षर किया। ग्रामीणों का आरोप है की जुन, जुलाई, अगस्त एवं सितम्बर का उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन नहीं मिला है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पहले प्रखंड विकास पदाधिकारी सह खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी से भी मिलकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बावजूद अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने बताया कि किशुनडीह के डीलर बलभद्र मुर्मू रात के समय चोरी-छिपे राशन वितरण करता है। इंटा,पत्थर रखकर तराजू पर वजन कर अंगुठे लगवाते हैं और 15 -20 दिन बाद अनाज दिया जाता है। हद तब हो गई जब तीन महीने का अनाज कुछ कार्ड धारियों को देकर अनाज खत्म होने का बहाना बनाया एवं सितम्बर का अंगूठा लगाकर राशन देने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने पूर्व जिला परिषद के उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू को भी इस संबंध में अवगत कराते हुए न्याय दिलाने में सहयोग करने का गुहार लगाई। कार्डधारियों ने हस्ताक्षरित आवेदन उपायुक्त को देकर राशन दिलाने एवं डीलर पर कार्रवाई कराने का निर्णय लिया। वहीं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू ने कहा कि गरीबों का हक मारने वाले पर कार्रवाई कराने में हर तरह से सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीलर हर बार इस तरह का रवैया अपना कर 3-4 महिने का अनाज डकार जाते हैं। श्री साहू ने कहा कि उच्च पदाधिकारीयों से गरीबों को न्याय देने एवं दोषी डीलर पर कार्रवाई करने का मांग किया जाएगा।मौके पर मनोरंजन सिंह मुण्डा,बादल पाल, उमाशंकर पोद्दार,डोलू मांझी, शंभू पोद्दार आदि सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।


