Sunday, September 13, 2026
Latest:
झारखण्डसरायकेला

हेंसल में 25वां रक्तदान शिविर, 179 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

 

 

सरायकेला। राजनगर प्रखंड के हेंसल में श्री श्री बजरंगबली कमेटी की ओर से रविवार को 25वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रजत जयंती वर्ष के इस विशेष शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के साथ महिलाओं और पुरुषों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में कुल 179 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

 

शिविर में जमशेदपुर ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रह किया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को कमेटी की ओर से टी-शर्ट तथा रुंगटा माइंस प्राइवेट लिमिटेड, चालियामा के सहयोग से रेनकोट देकर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर के नगर अध्यक्ष संजय सरदार, भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सामाजिक सेवा के साथ किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का पुनीत कार्य है।

कमेटी के सचिव मनोज पटनायक ने कहा कि श्री श्री बजरंगबली कमेटी पिछले 25 वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित करती आ रही है। कई चुनौतियों के बावजूद कमेटी के सदस्यों और ग्रामीणों के सहयोग से यह अभियान लगातार मजबूत हुआ है। अब ग्रामीण क्षेत्र के युवा ही नहीं, बल्कि महिलाएं और पुरुष भी रक्तदान के प्रति जागरूक हो रहे हैं। 25वें शिविर में 179 लोगों की भागीदारी इसी जागरूकता का प्रमाण है।

 

उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों, सहयोगियों और आयोजन को सफल बनाने में जुटे कमेटी के सदस्यों के प्रति आभार जताया। शिविर को सफल बनाने में अध्यक्ष गोपाल सरकार, सचिव मनोज पटनायक, कोषाध्यक्ष आनंद साहू, उपसचिव विनोद ज्योतिषी, उज्ज्वल मोदक, जामनी महाकुड़, अशोक मिस्त्री, सुधन्या ज्योतिषी, मानस साहू, रविकांत गोप, अरूप मंडल समेत बजरंगबली पूजा कमेटी के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Share this news