Newsझारखण्ड

हजारीबाग पुलिस ने 24 घंटे में ज्वेलर्स लूट कांड का किया खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार; 1.5 करोड़ के आभूषण बरामद

बरही चौक स्थित जय माता दी ज्वेलर्स में हुई लूट की गुत्थी हजारीबाग पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे में सुलझा ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया और लूटे गए लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात, प्रयुक्त स्कॉर्पियो, बाइक और हथियार बरामद कर लिए।

 

घटना 16 नवंबर की रात की है, जब दुकान मालिक सुरेंद्र कुमार अपनी कार में जेवरात के बैग रख रहे थे। उसी दौरान चार हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग कर कार का शीशा तोड़ा और बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के बयान पर बरही थाना में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर तेज़ी से अभियान शुरू किया।

 

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने पहले आरोपी इंद्रराज चौधरी को रांची से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चतरा जिले से स्कॉर्पियो और हथियार बरामद किए गए। बाद में चौपारण से शेरघाटी की ओर भाग रहे दो अन्य अपराधी चोरदाहा चेकपोस्ट से गिरफ्तार किए गए। इनके पास से 46 ग्राम सोना, 200 ग्राम संखा-पोला और 12.760 किलो चांदी के आभूषण मिले।

 

गिरफ्तार अपराधी धनंजय चौधरी, इंद्रराज चौधरी और रौशन यादव पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस कार्रवाई की सराहना क्षेत्र में की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *