मुरुमडीह पुल के समीप दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर, 7 घंटे तक जाम रहा राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग

सरायकेला-खरसावां। राजनगर थाना क्षेत्र से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित मुरुमडीह पुल के समीप शनिवार की अहले सुबह दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। सड़क किनारे ब्रेकडाउन होकर खड़े एक ट्रेलर को पीछे से आ रहे दूसरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीचों-बीच फंस गए। हालांकि, गनीमत रही कि दोनों ट्रेलरों के चालक बाल-बाल बच गए।


हादसे के बाद राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार पहुंच गई। करीब सात घंटे तक मार्ग जाम रहने के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, यात्री वाहनों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालने में जुट गई। सड़क के बीचों-बीच फंसे दोनों ट्रेलरों को हटाना पुलिस और संबंधित कर्मियों के लिए चुनौती बन गया। इसके बाद क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को हटाने का काम शुरू किया गया। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
इधर, मुरुमडीह पुल की स्थिति को लेकर भी स्थानीय लोगों में चिंता है। ग्रामीणों और राहगीरों के अनुसार इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जबकि पुराना मुरुमडीह पुल काफी जर्जर हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने पुल के समीप नया पुल लगभग बनकर तैयार है, लेकिन अब तक उस पर आवागमन शुरू नहीं किया गया है।
लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से नवनिर्मित पुल को जल्द चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नए पुल के चालू होने से पुराने जर्जर पुल पर वाहनों का दबाव कम होगा और हादसों की आशंका भी कम की जा सकेगी। शनिवार की दुर्घटना ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर पुल की समस्या को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


