Newsझारखण्डसरायकेला

बार-बार मोटर जलने और पेयजल संकट पर अध्यक्ष सख्त, WTP में दो 90 HP मोटर व हाईटेक पैनल लगाने की तैयारी

 

सरायकेला। नगर क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान को लेकर नगर पंचायत ने पहल तेज कर दी है। नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में पेयजल और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता लालजी महतो, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ललित जी, कनीय अभियंता प्रकाश गुप्ता समेत संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

बैठक में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) में बार-बार मोटर जलने, बिजली आपूर्ति बाधित होने, प्रभावित इलाकों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने, WTP और ESR के रखरखाव तथा वैकल्पिक बिजली व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

प्रभावित इलाकों में राइजिंग पाइप से पहुंचेगा पानी

 

नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि जिन क्षेत्रों में लंबे समय से पर्याप्त पेयजल नहीं पहुंच पा रहा है, वहां राइजिंग पाइप के माध्यम से पानी पहुंचाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।

 

बार-बार मोटर जलने पर मांगा तकनीकी समाधान

 

WTP में लगातार मोटर खराब होने के मामले पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई और अभियंताओं से इसके तकनीकी कारणों की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि बार-बार मोटर की मरम्मत या बदलने के बजाय समस्या की जड़ तक पहुंचकर स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

 

अभियंताओं के तकनीकी सुझाव के आधार पर WTP में दो 90 HP क्षमता की मोटर और आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस हाईटेक इलेक्ट्रिकल पैनल लगाने की दिशा में कार्रवाई तेज करने को कहा गया है। इससे मोटर और विद्युत उपकरणों को सुरक्षित रखने के साथ जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी।

 

WTP और ESR की नियमित होगी मॉनिटरिंग

 

बैठक में WTP, ESR और जलापूर्ति से जुड़ी अन्य संरचनाओं के नियमित रखरखाव और मॉनिटरिंग पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष ने संबंधित विभाग को नियमित निगरानी व्यवस्था विकसित करने के साथ आवश्यक मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निर्माण ही पर्याप्त नहीं है। उनका नियमित रखरखाव और तकनीकी निगरानी भी जरूरी है।

 

320 KVA जेनरेटर लगाने की प्रक्रिया तेज

 

बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं हो, इसके लिए WTP में DMFT फंड से प्रस्तावित 320 KVA जेनरेटर सेट लगाने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया। अध्यक्ष ने कहा कि बिजली कटने के कारण नगर की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह ठप न हो, इसके लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था जरूरी है।

 

WTP की बिजली व्यवस्था होगी मजबूत

 

बैठक में WTP को पर्याप्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ भी चर्चा हुई। अध्यक्ष ने उपलब्ध विद्युत लाइन से आवश्यक तकनीकी टैपिंग और कनेक्टिविटी की प्रक्रिया पूरी कर WTP की विद्युत व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया।

 

अध्यक्ष ने विद्युत और पेयजल विभाग के अभियंताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा, ताकि तकनीकी कारणों से बार-बार पेयजल आपूर्ति बाधित होने की समस्या को दूर किया जा सके।

 

अध्यक्ष बोले—पैचवर्क नहीं, स्थायी समाधान लक्ष्य

 

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि पेयजल व्यवस्था की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान केवल अस्थायी मरम्मत से नहीं हो सकता। समस्या की जड़ तक पहुंचकर स्थायी व्यवस्था तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राइजिंग पाइप से जलापूर्ति, WTP में दो 90 HP मोटर और हाईटेक पैनल, 320 KVA जेनरेटर के जरिए वैकल्पिक बिजली व्यवस्था तथा WTP-ESR की बेहतर मॉनिटरिंग और रखरखाव पर एक साथ काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

अध्यक्ष ने कहा कि पेयजल और बिजली जनता की मूलभूत जरूरतें हैं और इनसे किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर पंचायत की नवनिर्वाचित टीम के प्रयासों से आने वाले दिनों में पेयजल व्यवस्था में सुधार दिखाई देगा और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा।

Share this news