साहिबगंज में 495 एकड़ में एयरपोर्ट और एयर कार्गो हब की तैयारी, एएआई ने किया स्थल निरीक्षण
साहिबगंज जिले के हाजीपुर दियारा और भीठा में घरेलू एयरपोर्ट और एयर कार्गो हब के निर्माण को लेकर प्रशासन द्वारा चिन्हित लगभग 495 एकड़ भूमि का भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), नई दिल्ली की छह


सदस्यीय टीम ने प्री-विज़िबिलिटी स्टडी की। मेघा रोहिल्ला के नेतृत्व में टीम ने स्थल का भौतिक निरीक्षण किया और रनवे, एनएच-80 व एनएच-33 से दूरी, आसपास के पहाड़, नदी और तालाब सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं का मूल्यांकन किया।
अपर समाहर्ता गौतम भगत ने बताया कि निरीक्षण पूरा हो चुका है और लगभग एक महीने में रिपोर्ट तैयार होगी, जिसमें एयरपोर्ट निर्माण की संभावनाओं पर निर्णय लिया जाएगा। 495 एकड़ में से 57 एकड़ सरकारी भूमि और शेष रैयती भूमि का अधिग्रहण कर निर्माण कराया जाएगा।
झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने कहा कि 2029 तक साहिबगंज का राष्ट्रीय स्तर पर महत्व बढ़ेगा। जिले में मरीन ड्राइव, गंगा पुल, रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज, सिदो कान्हू स्टेडियम का चौड़ीकरण, मंडरो में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज, गंगा तट का सौंदर्यकरण, 200 बेड का नया सदर अस्पताल और नया बस स्टैंड निर्माण योजनाओं में शामिल हैं। उन्होंने लोगों से विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि 2029 तक साहिबगंज नए स्वरूप में नजर आएगा।

