HealthJamshedpurझारखण्ड

जमशेदपुर : सिविल सर्जन का सदर अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी

जमशेदपुर के सदर अस्पताल, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शनिवार को सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, कर्मियों की उपस्थिति, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

सिविल सर्जन ने बिरसानगर जोन-1 स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, छाया नगर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बिरसानगर जोन-5 आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा सदर अस्पताल खासमहल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत चिकित्सकों, पारा मेडिकल कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति और समय प्रबंधन की समीक्षा की।

डॉ. साहिर पाल ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से लगातार यह शिकायत मिल रही थी कि कई कर्मचारी ड्यूटी समय में अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे मरीजों को इलाज कराने में परेशानी हो रही है। उन्होंने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के शत-प्रतिशत पालन के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।

सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य केंद्रों की साफ-सफाई और कार्यालयी वातावरण को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यों में दक्षता, अनुशासन और पारदर्शिता बेहद जरूरी है तथा सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी इसका विशेष ध्यान रखें।

निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति देखी गई। वहीं आम लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर इस कार्रवाई का स्वागत किया है।

Share this news