Newsझारखण्ड

नेपाल भेजे गए छह नाबालिग बच्चों का पुलिस ने किया रेस्क्यू   

 

 

चाईबासा:(प्रकाश कुमार गुप्ता) मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ग्राम रांगामाटी से शिक्षा दिलाने के नाम पर नेपाल भेजे गए नाबालिग बच्चों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेपाल के काठमांडु स्थित एक संस्थान से छह नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है।

 

उक्त बातों की जानकारी आज मुफस्सिल थाना परिसर में प्रेस वार्ता के माध्यम से सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से दी।

प्रेस वार्ता के माध्यम से बताया गया कि 11 नवंबर 2025 को रांगामाटी गांव के मुण्डा राम जोन्को और नारायण कांडेयांग (निवासी मटकमहातु, खूँटपानी) द्वारा साजिश के तहत गांव के 11 नाबालिग बच्चों को बहला-फुसलाकर शिक्षा दिलाने के नाम पर नेपाल (काठमांडु) भेजा गया था। इनमें से दो बच्चे किसी तरह भागकर अपने घर लौट आए थे।

 

इसके बाद रांगामाटी गांव के सालुका बोयपाई (उम्र लगभग 32 वर्ष) ने 9 दिसंबर 2025 को अहतु थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके नाबालिग पुत्र समेत गांव के 10 अन्य बच्चों को नेपाल ले जाकर बेच दिया गया है। इस मामले में अहतु थाना कांड संख्या 05/25 दिनांक 09.12.2025 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

 

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर बच्चों की बरामदगी के लिए एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने नेपाल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर काठमांडु के भक्तपुर स्थित नामोबुद्धा मेडिटेशन एवं एजुकेशनल संस्थान से छह नाबालिग बच्चों को विधिवत रेस्क्यू किया। बच्चों को सुरक्षित वापस लाकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।

 

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।

 

*विशेष छापामारी टीम में शामिल अधिकारी :*

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टुटी, अंचल अधिकारी सदर चाईबासा उपेन्द्र कुमार, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मिथुन कुमार, पाण्ड्राशाली ओपी के सहायक अवर निरीक्षक दशरथ जामुदा तथा चाइल्ड लाइन चाईबासा से मो. इमरान शामिल थे।

 

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध से संबंधित सूचना मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल के मोबाइल नंबर 9508243546 पर जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *