Newsझारखण्ड

तालाब में डूबने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

 

 

चाईबासा:( प्रकाश कुमार गुप्ता)पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जयपुर गांव के महतीसाई टोला में 29 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखराम सिंकु के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

 

मृतक के चाचा हरि चंद्र सिंकु ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे सुखराम खेत-खलिहान का काम करने के बाद पास के तालाब में नहाने गया था। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब की ओर जाकर खोजबीन शुरू की, जहां सुखराम का शव पानी में मिला। ग्रामीणों ने उसे तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना तत्काल हाटगम्हरिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया गया। गुरुवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही थी।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला तालाब में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि यह आत्महत्या है, दुर्घटनावश डूबने की घटना है या फिर किसी ने युवक को पानी में डुबोकर उसकी हत्या की है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

 

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *