धान अधिप्राप्ति व भुगतान की समीक्षा बैठक संपन्न
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अंतर्गत जिला आपूर्ति शाखा, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में धान अधिप्राप्ति एवं किसानों को किए जा रहे भुगतान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड, चाईबासा में हुई।


बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित धान अधिप्राप्ति केंद्रों के माध्यम से अब तक की गई खरीद और भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम जिले में कुल 3 लाख क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 18 दिसंबर 2025 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 1694.92 क्विंटल धान की खरीद की गई है।
सदर चाईबासा, खूँटपानी, चक्रधरपुर, मंझारी, सोनुवा, तांतनगर, मंझगांव, गोईलकेरा और अन्य प्रखंडों में किसानों से धान की खरीद की जा रही है। कुछ प्रखंडों में अधिप्राप्ति की गति धीमी पाई गई, जबकि मंझारी, तांतनगर और मंझगांव में अपेक्षाकृत बेहतर खरीद दर्ज की गई।
बैठक में बताया गया कि ई-पॉश मशीन के माध्यम से किसानों को भुगतान किया जा रहा है। अब तक निगम मुख्यालय, रांची से 1 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जिसमें से 6,12,883.99 रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। शेष 93,87,116.01 रुपये भुगतान के लिए उपलब्ध है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि धान की खरीद एवं भुगतान की प्रक्रिया को तेज किया जाए और प्रतिदिन खरीदे गए धान का ऑनलाइन डेटा अपडेट सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को समय पर भुगतान मिल सके।

