स्व. जनार्दन यादव की स्मृति में मोमिन कॉन्फ्रेंस ने लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर, 160 लोगों की हुई जांच
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): जिला मोमिन कॉन्फ्रेंस की ओर से सोमवार को बड़ी बाजार स्थित एम्स पैथोलॉजी में स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव की स्मृति में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 160 लोगों की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरत के अनुसार नि:शुल्क दवाएं भी दी गईं।


स्वास्थ्य जांच शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, ब्लड ग्रुप समेत अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई। शिविर में बड़ी संख्या में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सक डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रक्त की भी अधिक आवश्यकता रहती है, ऐसे में मोमिन कॉन्फ्रेंस और समाजसेवी सिकंदर यादव को मिलकर भविष्य में रक्तदान शिविर का भी आयोजन करना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए मोमिन कॉन्फ्रेंस और सिकंदर यादव को बधाई दी।
मोमिन कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मोअज्जम बिहारी ने शिविर के सफल आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में डॉ. फरहत फातमा, जीएनएम उषा रानी दोराइबुरू, एएनएम मुक्तिदाता हेंब्रम, आशा कार्यकर्ता सलामी कमल, संचिता कुमारी और तन्मय कुमार ने मरीजों की जांच की।
शिविर को सफल बनाने में सिकंदर यादव, अंकित यादव, फैज अहमद, अर्पित कुमार, अबु शैफ, मुदस्सिर आलम, सुमित्रा हांसदा, इंतखाब आलम, मो. नवाब, मो. फिरोज और वसीउर रहमान का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

