सदर अस्पताल में विश्व कैंसर दिवस पर चर्चा गोष्ठी का आयोजन
जमशेदपुर।


सदर अस्पताल, पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चर्चा गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने की। इस अवसर पर चिकित्सकों ने कैंसर के कारण, लक्षण, रोकथाम एवं समय पर जांच के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने अपने संबोधन में कहा कि कैंसर एक गंभीर बीमारी अवश्य है, लेकिन समय रहते इसकी पहचान और सही उपचार से इसे हराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझना जरूरी है कि कैंसर शरीर में कैसे फैलता है, ताकि वे इसे गंभीरता से लेते हुए समय पर जांच करवा सकें।
उन्होंने बताया कि जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली और आधुनिक चिकित्सा पद्धति कैंसर से लड़ने के सबसे मजबूत हथियार हैं। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तंबाकू और शराब से परहेज तथा त्वचा को अधिक धूप से बचाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग के माध्यम से कैंसर का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है, जिससे इलाज की सफलता दर बढ़ जाती है।
इस अवसर पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. जोगेश्वर प्रसाद ने फेफड़ों के कैंसर, स्तन कैंसर और मुंह के कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था में, विशेषकर पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए समय-समय पर जांच कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में कैंसर की नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है।
चर्चा गोष्ठी के दौरान सिविल सर्जन ने उपस्थित आमजन से अपील की कि वे सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सर्वाइकल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर एवं ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग सेवाओं का लाभ उठाएं और समय पर जांच कराकर स्वयं को सुरक्षित रखें।
कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। चर्चा गोष्ठी के माध्यम से लोगों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

