झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष नवनीत कुमार का चाईबासा आगमन, परिसदन में उपायुक्त और एसपी ने किया स्वागत
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष नवनीत कुमार, सेवानिवृत्त न्यायाधीश, उच्च न्यायालय, राँची, का पश्चिमी सिंहभूम जिला आगमन पर स्वागत किया गया। चाईबासा परिसदन में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने उनका स्वागत कर शिष्टाचार भेंट की।


जानकारी के अनुसार नवनीत कुमार की अध्यक्षता में चाईबासा के पिल्लई हॉल में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यह जन सुनवाई झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड द्वारा विद्युत दर निर्धारण के लिए दायर आवेदन के संबंध में आहूत की गई है।
कार्यक्रम के दौरान आयोग उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और संबंधित पक्षों की आपत्तियों एवं सुझावों को सुनेगा। जन सुनवाई के माध्यम से बिजली दरों के निर्धारण की प्रक्रिया को पारदर्शी और सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जन सुनवाई में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना जताई गई है।

