गम्हरिया निर्मल पथ के रोड संख्या 6 में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गम्हरिया पंचायत के निर्मल पथ रोड संख्या 6 में सोमवार को एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मृतका की पहचान शिवानी गोराई के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल गम्हरिया थाना को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्री रामचंद्र रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई।घटनास्थल पर देखने वाली बात यह रही कि मृतका के गाल पर रंग लगा हुआ पाया गया। हालांकि यह रंग कैसे और किन परिस्थितियों में लगा, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



