JamshedpurNewsझारखण्ड

जमशेदपुर पुलिस की कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर: शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंगलवार 11 मार्च को बिस्टुपुर थाना क्षेत्र से एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध अवस्था में ऑटो से साकची से बिस्टुपुर होते हुए टाटानगर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि युवक के पास अवैध हथियार मौजूद है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिस्टुपुर थाना के सामने रिगल चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक ऑटो में सवार युवक पुलिस के संदेह के घेरे में आया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक बैग बरामद किया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान आकाश गोराई उर्फ छोटू (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सोनारी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

वहीं सिटी एसपी कुमार शिवाशिश ने बताया कि शहर में अवैध हथियार और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *