JBVNL आउटसोर्सिंग मजदूरों के अधिकारों की मांग तेज, देवेंद्र नाथ महतो ने उठाई आवाज
राँची। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) में कार्यरत आउटसोर्सिंग मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और उनके वैधानिक अधिकारों को लेकर सोमवार को राँची के मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में बैठक आयोजित की गई। बैठक में JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष दिशुम वीर बाबू देवेंद्र नाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बिजली विभाग में कार्यरत सैकड़ों आउटसोर्सिंग मजदूरों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।

बैठक में मजदूरों ने समय पर वेतन भुगतान नहीं होने, काम के अनुरूप ग्रेड निर्धारण में पारदर्शिता की कमी, पीएफ और ईएसआई की सुविधा, छुट्टी के दिन काम करने पर भुगतान, अतिरिक्त कार्य के लिए ओवरटाइम तथा वार्षिक बोनस जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। मजदूरों ने कहा कि उनसे नियमित रूप से काम लिया जाता है, लेकिन उन्हें कई वैधानिक सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मजदूरों को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था के नाम पर मजदूरों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। कंपनियों को श्रम कानूनों और निर्धारित प्रावधानों का पालन करना होगा। मजदूरों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने जेएमडी कंपनी के प्रतिनिधि से फोन पर बातचीत कर मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराया। कंपनी की ओर से आश्वासन दिया गया कि कर्मचारियों को नियमानुसार मिलने वाले अधिकार और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, श्रम विभाग के संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत की गई। अधिकारियों ने मजदूरों से अपनी समस्याओं को लेकर लिखित आवेदन देने को कहा। साथ ही आश्वासन दिया कि आवेदन मिलने के बाद जांच के लिए टीम गठित की जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि आउटसोर्सिंग मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनकी आवाज लगातार उठाई जाएगी। उन्होंने मजदूरों से एकजुट रहने और अपनी मांगों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से उठाने की अपील की।


