Newsझारखण्ड

एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में नवागत विद्यार्थियों के स्वागत में भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

 

 

चेयरमैन विवेक सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ नर्सिंग की पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित

 

जमशेदपुर, 2 नवंबर। एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में सोमवार को प्रथम वर्ष बीएससी नर्सिंग बैच-2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नए छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक, फैकल्टी सदस्य एवं संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, नियमों, सुविधाओं और नर्सिंग के क्षेत्र में उपलब्ध भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना था।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन विवेक सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। अपने संबोधन में चेयरमैन विवेक सिंह ने नवागत विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का एक पवित्र माध्यम है। इस क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन, समर्पण, संवेदनशीलता और सेवा भाव भी बेहद जरूरी है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ अपनी पढ़ाई करने की सलाह दी। साथ ही भरोसा दिलाया कि संस्थान विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास करता रहेगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्रीधारी विद्यार्थी तैयार करना नहीं, बल्कि कुशल, संवेदनशील और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान दे सकें।

 

इस दौरान संस्थान के प्राचार्य एवं वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों ने नवागत विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और अन्य उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को संस्थान के नियमों, अनुशासन संहिता और नर्सिंग क्षेत्र में भविष्य के कैरियर अवसरों से भी अवगत कराया गया।

 

कार्यक्रम में वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और नए विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक एवं सामाजिक माहौल से परिचित कराया। वहीं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवादात्मक गतिविधियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इससे नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एक-दूसरे से जुड़ने और संस्थान के साथ बेहतर तालमेल बनाने का अवसर मिला।

 

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान प्रबंधन, प्राचार्य, फैकल्टी सदस्यों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this news