विश्व किडनी दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन कार्यालय के निर्देश पर गुरुवार को सदर अस्पताल स्थित डायलिसिस यूनिट में विश्व किडनी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को किडनी से जुड़ी बीमारियों के प्रति सतर्क करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।


जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के खून में क्रिएटिनिन का स्तर बढ़ जाता है तो यह किडनी के लिए खतरे का संकेत हो सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किडनी से संबंधित बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। मधुमेह को किडनी रोग का सबसे बड़ा कारण माना जाता है, जबकि हृदय रोग और मोटापा भी किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि किडनी शरीर के लिए बेहद महत्वपूर्ण अंग है। इसका मुख्य काम खून से विषैले पदार्थों और टॉक्सिन्स को बाहर निकालना, शरीर में पानी और खनिजों का संतुलन बनाए रखना, पेशाब का निर्माण करना, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करना और लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में मदद करना है। किडनी शरीर के अम्ल-क्षार संतुलन को भी बनाए रखती है।
डायलिसिस यूनिट के चिकित्सक डॉ. फैज़ल खान ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर किडनी रोग के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों को संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, नशे से दूर रहने और पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीने की सलाह दी। साथ ही सुबह गुनगुना पानी पीने, पेशाब को रोककर नहीं रखने, देर रात तक जागने से बचने और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा नहीं लेने की भी अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि सदर अस्पताल में किडनी रोगियों के लिए नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिल रही है।
कार्यक्रम में डीईआईसी की सोशल वर्कर नमृता ठाकुर, कमलजीत कौर, इंदु वाला स्वासी तथा डायलिसिस यूनिट के सुखलाल मुर्मू समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।


