मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई की मुलाकात, चुनाव और विकास पर चर्चा
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच असम में होने वाले आगामी चुनाव, झारखंड में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई।


मुलाकात के दौरान नेताओं ने राज्यों के बीच सहयोग, संगठन की मजबूती और विकास से जुड़े कई विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह और झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू भी उपस्थित थे।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लूरिनज्योति गोगोई ने भी मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान असम में होने वाले चुनाव और विभिन्न विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान असम जातीय परिषद के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह बैठक आपसी संवाद और क्षेत्रीय सहयोग के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

