Newsझारखण्ड

पाकुड़ नगर परिषद में अनोखा चुनाव, बराबरी के बाद लॉटरी से राणा ओझा बने उपाध्यक्ष

पाकुड़ नगर परिषद में गुरुवार को नगरपालिका आम चुनाव 2026 के तहत नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर परिषद सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में अध्यक्ष शबरी पाल समेत 21 निर्वाचित वार्ड पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। सभी जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव कराया गया। इस पद के लिए राणा ओझा और रुपाली सरकार ने नामांकन दाखिल किया था। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की देखरेख में सभी पार्षदों की उपस्थिति में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

मतगणना के बाद दोनों उम्मीदवारों को 10-10 मत मिले, जबकि एक मत अमान्य घोषित किया गया। मतों की बराबरी होने के कारण निर्वाचन नियमों के अनुसार लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई गई। लॉटरी के माध्यम से राणा ओझा को पाकुड़ नगर परिषद का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

परिणाम घोषित होने के बाद राणा ओझा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए शहर के विकास के लिए मिलकर काम करने की उम्मीद जताई। वहीं राणा ओझा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए पाकुड़ के विकास को नई दिशा देने का संकल्प लिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *