मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नव प्रोन्नत आईएएस अधिकारियों की मुलाकात, दी बधाई और शुभकामनाएं
झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren से गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में भारतीय प्रशासनिक सेवा में नव प्रोन्नत अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को पदोन्नति की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी राज्य की व्यवस्था और विकास की रीढ़ होते हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ करते हुए राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी लोगों तक पहुंचता है, जब प्रशासनिक तंत्र पूरी निष्ठा के साथ काम करता है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें अधिकारियों की अहम भूमिका होती है। अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और बेहतर कार्यशैली से झारखंड के सर्वांगीण विकास को नई गति मिल सकती है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले नव प्रोन्नत अधिकारियों में दिलेश्वर महतो, इश्तियाक अहमद, विद्यानंद शर्मा पंकज, संगीता लाल, रोबिन टोप्पो, अनिलसन लकड़ा, अरुण कुमार सिंह, नागेंद्र पासवान, आसिफ इकराम, नीरज कुमार सिंह, जुल्फिकार अली, अर्चना मेहता और आलोक शिकारी कच्छप शामिल थे।

