साहिबगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: लकड़ी लदे तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दो की मौत
झारखंड के साहिबगंज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कोटालपोखर मुख्य सड़क पर हुए इस हादसे में एक युवक और एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ लोगों में भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।


मिली जानकारी के अनुसार इजाजुल नामक युवक अपने टोटो से चंदौर से वापस अपने घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान अवैध रूप से लकड़ी से लदा एक तेज रफ्तार तीन पहिया वाहन कोटालपोखर मुख्य सड़क से पश्चिम बंगाल सीमा की ओर जा रहा था। तेज गति के कारण उस वाहन ने सामने से आ रहे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में टोटो चालक इजाजुल और उसमें सवार एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत इतनी गंभीर थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क से दिनदहाड़े अवैध लकड़ी से लदे वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध लकड़ी तस्करी पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

