ई-रिक्शा चालकों को गाली देता युवक का वीडियो वायरल, इंस्टाग्राम आईडी “जयसन_100” से हुआ पोस्ट
चाईबासा। चाईबासा में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक ई-रिक्शा चालकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए नजर आ रहा है। साफ देखा जा सकता है कि यह वीडियो इंस्टाग्राम पर “जयसन_100” नामक आईडी से पोस्ट किया गया है। वीडियो में युवक कथित रूप से नशे की हालत में बोलता सुनाई दे रहा है और ई-रिक्शा चालकों से उसे सुफलसाई चौक तक छोड़ने की बात कहता नजर आ रहा है। जब कुछ ई-रिक्शा चालकों द्वारा वहां तक जाने से मना कर दिया जाता है, तो युवक मोबाइल से वीडियो बनाते हुए उन्हें गाली-गलौज करने लगता है और अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक वहां से चला जाता है, जबकि युवक लगातार वीडियो रिकॉर्ड करता रहता है।वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट होने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकतों से चाईबासा शहर की छवि खराब हो रही है और आम लोगों के बीच गलत संदेश जा रहा है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग इस मामले में प्रशासन से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



