राजेंद्र विद्यालय, घुटिया में ओरिएंटेशन डे आयोजित, नवप्रवेशित छात्रों का हुआ भव्य स्वागत

गालुडीह: राजेंद्र विद्यालय, घुटिया में नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए बुधवार को भव्य ओरिएंटेशन डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गालुडीह थाना के ऑफिसर इंचार्ज अंकु कुमार राय उपस्थित रहे, जबकि विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती खुशबू ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद प्रधानाचार्या ने स्वागत भाषण दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने बिहार एसोसिएशन के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्र में इस शिक्षण संस्थान की स्थापना समाज के बड़े वर्ग के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला तथा अभिभावकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहयोग की अपील की।
मुख्य अतिथि अंकु कुमार राय ने अपने संबोधन में विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ओरिएंटेशन कार्यक्रम बच्चों और अभिभावकों को विद्यालय से जोड़ने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न गेम्स स्टॉल लगाए गए, जिनमें “अरेंज द ऑब्जेक्ट्स” और “फील द ग्लास” जैसे आकर्षक खेल शामिल थे। साथ ही मिकी माउस, जंपिंग राइड और खान-पान के स्टॉल ने बच्चों को खूब आकर्षित किया।
विद्यालय परिसर को विभिन्न थीम के आधार पर सजाया गया था, जिनमें “लर्निंग विद फन”, “मैथ्स पार्क”, “हिंदी साहित्य के सितारे”, “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस”, “सेव वाइल्डलाइफ” एवं “फेस्टिवल्स ऑफ इंडिया” प्रमुख रहे। अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने उपस्थित सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा बच्चों को चॉकलेट्स एवं पाठ्य सामग्री भेंट की। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

