धनतेरस और दीपावली को लेकर राजनगर पुलिस अलर्ट, बाजारों से लेकर बैंक और ज्वेलरी दुकानों तक बढ़ाई गई सुरक्षा
सरायकेला: धनतेरस और दीपावली पर्व को देखते हुए राजनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। थाना प्रभारी सोनू कुमार के निर्देश पर प्रखंड क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, बैंकों, ज्वेलरी दुकानों और बर्तन दुकानों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है।

धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस गश्ती भी तेज कर दी गई है। खासकर बैंक परिसरों और सोने-चांदी की दुकानों के आसपास पुलिस की पैनी नजर है, ताकि चोरी, छिनतई और उचक्कागिरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
थाना प्रभारी सोनू कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर रही है। पुलिस की इस सक्रियता से दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, राजनगर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि त्योहार के दौरान अपने कीमती सामान और नकदी का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
धनतेरस और दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो, इसके लिए राजनगर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुटी हुई है।


