चांडिल में जंगली हाथियों का हमला, संजय महतो गंभीर रूप से घायल; विधायक सविता महतो की पहल पर टीएमएच में भर्ती
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत बानसा के लाकड़ागाढ़ा गांव में बुधवार शाम जंगली हाथियों के हमले में संजय महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल संजय महतो को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी गांव के झामुमो नेता पशुपति महतो एवं ग्रामीणों ने विधायक सविता महतो को दी। सूचना मिलते ही विधायक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और घायल व्यक्ति को समुचित इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
विधायक की पहल पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल संजय महतो को रेस्क्यू कर इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया। अस्पताल में विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो ने उन्हें भर्ती कराने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान वनरक्षी मुन्ना सोरेन भी अस्पताल में मौजूद रहे। फिलहाल टीएमएच में संजय महतो का इलाज जारी है।


