सरायकेला में ACB की डबल एक्शन: बड़ा बाबू और दलाल गिरफ्तार, 40 लाख की डील का खुलासा

सरायकेला से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भू-अर्जन विभाग के बड़ा बाबू प्रीतम आचार्य और एक कथित दलाल विनय तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के अनुसार, सरायकेला में भू-अर्जन से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बैठक उपायुक्त की मौजूदगी में चल रही थी। इसी दौरान बड़ा बाबू प्रीतम आचार्य के मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसके बाद वे बैठक से बाहर निकले। बाहर निकलते ही वे कथित रूप से रिश्वत के लेनदेन में जुट गए।
पहले से घात लगाए ACB की टीम ने मौके पर ही उन्हें रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप फैल गया।
इसी कड़ी में ACB की टीम ने गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में भी छापेमारी की, जहां से विनय तिवारी नामक एक कथित दलाल को गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि वह अपनी गाड़ी में बैठकर पैसे गिन रहा था, तभी टीम ने उसे दबोच लिया।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला जमीन से जुड़े एक बड़े सौदे से संबंधित है। चर्चा है कि करीब 40 लाख रुपये की डील तय हुई थी, जिसमें पहली किस्त के रूप में लगभग 5 लाख रुपये दिए जाने थे।
हालांकि, इस मामले में अभी तक ACB की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद सरकारी दफ्तरों में हलचल तेज हो गई है, वहीं आम लोगों में इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त और जरूरी कदम के रूप में देखा जा रहा है।

