Newsझारखण्डसरायकेला

जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे: सरायकेला–खरसावाँ में सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास संकल्प के साथ सम्पन्न

जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे: सरायकेला–खरसावाँ में सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास संकल्प के साथ सम्पन्न

सरायकेला–खरसावाँ जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को टाउन हॉल में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने स्वागत संबोधन में जिले की स्थापना से अब तक की विकास यात्रा, उपलब्धियों और आने वाले समय के लक्ष्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है, लेकिन भविष्य की योजनाओं को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा माहौल

कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से दिया गया। मंच पर प्रस्तुत विभिन्न गतिविधियों ने लोगों में जागरूकता फैलाने के साथ ही प्रेरणादायी संदेश भी दिया।

जिले के विकास के लिए एकजुट होने का संदेश

मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि जिले का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब नागरिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर एक संकल्प के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

शांति और कानून-व्यवस्था से ही विकास: एसपी

पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने अपने संबोधन में बेहतर नागरिक बनने की अपील करते हुए कहा कि शांति और अनुशासन विकास की पहली शर्त है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पुलिस रैंकिंग में चौका थाना झारखंड में प्रथम स्थान पर रहा, जो जिले के लिए गौरव की उपलब्धि है।

कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता पर जोर

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि 25 वर्षों की उपलब्धियों का मूल्यांकन कर भविष्य की दिशा तय करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से डायन प्रथा के उन्मूलन पर बल देते हुए कहा कि इस कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास ही कारगर साबित होंगे।

उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा कला-संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर अभियान चलाने पर जोर दिया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान महिला डायन कुप्रथा उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और लोक कला के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले कई महिला एवं पुरुषों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मोमेंटो प्रदान किए गए।

विभिन्न विभागों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोना राम बोदरा, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि, विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्या, पद्मश्री सम्मानित छूटनी महतो, चामी मुर्मू, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share this news